गुड़गांव: नर्स पत्नी की इंजेक्शन लगाकर हत्या, आरोपी पति दिल्ली से गिरफ्तार!
गुड़गांव में सनसनीखेज वारदात! नशेड़ी पति अरुण शर्मा ने नर्स पत्नी को इंजेक्शन लगाकर उतारा मौत के घाट। दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप। पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
गुड़गांव : नर्स पत्नी को इंजेक्शन लगाकर उसकी हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरुण शर्मा (उम्र-26 वर्ष, शिक्षा-12 वीं) निवासी गांव बहटा हाजीपुर जिला गाजियाबाद (उत्तर-प्रदेश), वर्तमान निवासी अशोक नगर शाहदरा, दिल्ली को सेक्टर-89 से नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी गुरुग्राम में एक नर्सिंग होम में काम करता है व नशे करने आदि है। आरोपी ने बताया कि उपरोक्त मृतका भी नर्स का काम करती थी जिसके चलते इन दोनों के बीच दोस्ती हुई थी व नवंबर 2025 में इन्होंने शादी कर ली थी। आरोपी ने बताया कि 18 मार्च को इसने अपनी पत्नी के एक इंजेक्शन लगाया था जिसके चलते इसकी पत्नी की मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-93 चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को मृत अवस्था में सेक्टर-10 सिविल अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां मृतका का भाई मिला जिसने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि इसकी बहन की शादी नवंबर 2025 में अरुण शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही अरुण शर्मा द्वारा उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा तथा छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती व बार-बार पैसों की मांग को लेकर इसकी बहन पर दबाव बनाया जाता था। 4 मार्च से इसकी बहन व इसका जीजा अरुण इन्हीं के पास गढी हरसरू में रहने लगे थे। 17 मार्च की रात को अरुण शर्मा द्वारा नशे की हालत में इसकी बहन के साथ मारपीट की गई। अगले दिन 18 मार्च को सुबह इसके जीजा ने इसकी बहन को बात करने के लिए नीचे कमरे में लेकर गया था। इसके कुछ समय पश्चात ही इसकी बहन घर में बेहोश अवस्था में मिली तथा उसके नाक से खून निकला हुआ था जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर अब इस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

