गुड़गांव: वजन घटाने के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा, 3 गिरफ्तार
गुड़गांव : साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने वजन कम करने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विभिन्न राज्यों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट के निर्देशन में साइबर क्राइम वेस्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने उद्योग विहार फेज-5 स्थित एक कॉल सेंटर पर रेड की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद कर जब्त कर लिए। वहीं मौके से तीन महिलाओं को काबू कर लिया। जिनकी पहचान दिल्ली के आयानगर निवाी मंदीप हाल निवासी चकरपुर, गुरुग्राम, दिल्ली के रंगपुरी निवासी नेहा व यूपी के मैनपुरी निवासी वर्षा हाल निवासी सुशांत लोक, गुरुग्राम के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ साइबर क्राइम वेस्ट थाना में केस दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी क्रस्ट साइंस एंड वेलनेस प्राईवेट लिमिटेड के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हर्बल वजन घटाने वाली दवाइयों के विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को कॉल सेंटर से फोन किया जाता था और खुद को डाइटिशियन, ब्यूटीशियन या डॉक्टर बताकर महंगी दवाइयां खरीदने के लिए प्रेरित किया जाता था। आरोपी दावा करते थे कि दवा से वजन कम नहीं होने पर 100 प्रतिशत रिफंड दिया जाएगा, लेकिन जब ग्राहकों को कोई फायदा नहीं होता था और वे पैसे वापस मांगते थे, तो उन्हें रिफंड देने के बजाय ब्लॉक कर दिया जाता था।
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने गुजरात सहित कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया और वजन घटाने की दवाइयों के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क का दायरा काफी बड़ा है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ठगी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबर कंपनी के कर्मचारियों को आवंटित किए गए थे। पूरे संचालन का नियंत्रण कंपनी के मैनेजर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ), डायरेक्टर, मालिक और अन्य सहयोगियों द्वारा किया जा रहा था। पुलिस अब इन सभी की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।

