Haryana Crime News: गुड़गांव में बड़ा फर्जीवाड़ा, एसपी बनकर एसएचओ पर रौब झाड़ने वाला शख्स चढ़ा पुलिस के हत्थे

गुड़गांव के मेगा मॉल में पत्नी के शोरूम की बिजली चालू कराने के लिए हिमाचल का फर्जी एसपी बनकर एसएचओ को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने दर्ज किया मामला।
 
मेगा मॉल गुड़गांव खबर

गुड़गांव : एमजी रोड स्थित मेगा मॉल में स्थित पत्नी के शोरूम की कटी हुई बिजली दोबारा चालू कराने के लिए हिमाचल प्रदेश का एसपी बनकर डीएलएफ सेक्टर-29 थाने के एसएचओ को धमकाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। थाना प्रभारी को शक होने पर जब फोन करने वाले की जांच कराई गई तो पूरी असलियत सामने आई जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी की पहचान करण कुमार सकूजा (उम्र-30 वर्ष) निवासी नेब सराय, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी की पत्नी की मॉल में दुकान है जिसकी लाइट मॉल प्रबंधन ने काट ली थी जिसको चालू करवाने के लिए आरोपी ने उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया। 

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को थाना डीएलएफ सैक्टर-29 प्रभारी को सरकारी मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए कहा कि मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तत्काल चालू करवाई जाए। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताते हुए कार्रवाई के लिए दबाव बनाया तथा डीजीपी स्तर का हवाला भी दिया। मामले में संदेह होने पर थाना प्रबंधक द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। जांच में पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश पुलिस का अधिकारी नहीं, बल्कि करण कुमार सकूजा है, जिसने अपनी पत्नी की दुकान की बिजली कटने के संबंध में स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर फोन किया था। सरकारी अधिकारी के नाम व पद का गलत उपयोग करने पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि आखिर वह इस तरह की धोंस जमाकर कितने लोगों से अपने काम निकलवा चुका है। मामले की जांच जारी है।