Chandigarh Crime News: सरकारी विभागों के बैंक घोटाले में नया मोड़, मुख्य आरोपी की अय्याशी के खुले राज

हरियाणा-चंडीगढ़ के 650 करोड़ के बैंक घोटाले में सीबीआई ने बड़ा खुलासा किया है। मास्टरमाइंड रिभव ऋषि ने एक महिला डांसर पर जमकर पैसा लुटाया था।

 
650 crore bank fraud

चंडीगढ़ : हरियाणा व चंडीगढ़ के सरकारी विभागों में हुए करीब साढे छह सौ करोड़ के बैंक घोटाले की जांच के दौरान सीबीआई ने कई परतें खोल दी हैं। जांच में इस घोटाले के मास्टर माइंड एवं मुख्य आरोपी रिभव ऋषि की एक महिला डांसर से करीबी और उस पर किए गए भारी खर्च का भी खुलासा हुआ है। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में इस बात का खुलासा किया है। ऋषि ने अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच महिला को हर माह 10 लाख रुपये दिए। महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि ने उसे डांस का काम छोडऩे के बदले यह रकम देने का वादा किया था। छह माह में उसे कुल 56 लाख रुपये दिए गए।

सीबीआई के अनुसार, ऋषि की मुलाकात महिला से मार्च-अप्रैल 2025 में चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जहां वह प्रस्तुति दे रही थी। इसके बाद आठ मई को जयपुर में एक फार्महाउस पार्टी में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। पांच जुलाई को मुंबई के सेंट रेजिस होटल में ऋषि ने कथित तौर पर उससे प्रेम का इजहार किया। महिला के अनुसार, उसने खुद को इवेंट प्लानर और चावल के आयात-निर्यात से जुड़ा कारोबारी बताया। उसने यह भी कहा कि वह आईडीएफसी फ बैंक में ब्रांच मैनेजर है। 

महिला ने सीबीआई को बताया कि ऋषि ने उससे शादी करने के लिए अपनी पत्नी से तलाक लेने की बात कही थी। 18 जुलाई 2025 को उसने दिल्ली के द्वारका में उसके लिए मकान खरीदने के लिए एक लाख रुपये टोकन मनी दी। मकान के लिए 3.10 करोड़ रुपये नकद दिए गए। इसमें उसने 49 लाख रुपये दिए, जबकि बाकी रकम ऋषि ने दी। 90 लाख रुपये की और राशि दी जानी थी, जिसमें से 65 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था। महिला के अनुसार, वह दो जनवरी 2026 से इस मकान में रह रही है।

दोनों के साथ रहने के दौरान चंडीगढ़ के नोवोटेल, हॉलिडे इन और हयात, दिल्ली के अंदाज, जे डब्ल्यू मैरियट और आईटीसी मौर्या तथा गोवा के ताज होटल में ठहरने की जानकारी भी सामने आई है। अगस्त 2025 में ऋषि और महिला अन्य आरोपियों तथा कुछ डांसरों के साथ मकाऊ और फिर थाईलैंड गए। महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि ऋषि उसे दुबई एयरपोर्ट के पास बने एक नए चार बेडरूम वाले डुप्लेक्स में भी ले गया था। उसने कहा था कि पांच से दस साल बाद वह उसके साथ दुबई में बसना चाहता है और इसी वजह से उसने वह मकान पसंद किया था। जनवरी 2026 में दोनों फिर दुबई गए, जहां ऋषि ने टोयोटा लैंड क्रूजर बुक की।