सिरसा अपहरण कांड: 12 साल के बच्चे के किडनैपिंग केस में नैनो कार चालक गिरफ्तार
सिरसा: शहर के सी. ब्लॉक क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे के अपहरण और 70 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में सिरसा पुलिस ने वारदात में शामिल नैनो कार चालक अजय सिंह निवासी गांव बुखारा खेड़ा, तहसील रानियां, जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर बलराज सिंह ने बताया कि इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका 12 वर्षीय बेटा रोजाना सी. ब्लॉक स्थित ट्यूशन सेंटर जाता है। बच्चे को दुकान पर काम करने वाला युवक सौरभ बाइक पर ट्यूशन छोड़ने ले जाता था। बीते दिन रास्ते में एक नैनो कार सवार 3 नकाबपोश युवकों ने बाइक रुकवाकर सौरभ और बच्चे को जबरन कार में बैठा लिया तथा उनकी आंखों पर कपड़ा बांध दिया।
आरोपियों ने बाद में बच्चे के परिजनों को व्हाट्सएप कॉल कर 70 लाख रुपए की फिरौती मांगी। जांच में खुलासा हुआ कि सौरभ भी इस पूरी साजिश में शामिल था और उसने बच्चे को गुमराह करने के लिए खुद के बेहोश होने का नाटक किया। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

