हिसार: आदमपुर रेलवे स्टेशन 'ब्लाइंड मर्डर' केस सुलझा, आरोपी भजनलाल गिरफ्तार

हिसार जीआरपी ने आदमपुर रेलवे स्टेशन पर पेंटर प्रदीप की हत्या की गुत्थी सुलझाई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी भजनलाल गिरफ्तार। जानें पूरा मामला।

 
हरियाणा क्राइम न्यूज़ टुडे

हिसार:  हिसार जीआरपी पुलिस ने आदमपुर रेलवे स्टेशन पर हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, जहां पूछताछ में हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

पेशे से पेंटर था मृतक

दरअसल 29 अप्रैल की सुबह आदमपुर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में मृतक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई, जो पेशे से पेंटर था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप की सिर में ईंट मारकर हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी कृष्ण कुमार और पुलिस विभाग के डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। ब्लाइंड मर्डर होने के कारण यह केस जीआरपी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

पुलिस आरोपी तक पहुंचने में रही सफल

जीआरपी थाना पुलिस ने श्याम सिंह के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कीं। टीमों ने आदमपुर रेलवे स्टेशन और आसपास लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। वीरवार रात जीआरपी टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी भजनलाल को आदमपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके। पुलिस के अनुसार मृतक प्रदीप के दो बच्चे हैं और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह का पता चल पाएगा।