Hisar Crime News Today: हिसार में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, कांवड़ियों के दल पर चलाईं गोलियां, CCTV फुटेज आया सामने
हिसार के मॉडल टाउन के पास बदमाशों ने कांवड़ियों के दल पर फायरिंग की। एक ही परिवार के 3 सदस्य घायल हो गए। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
हिसार: मॉडल टाउन के पास बदमाशों ने कांवड़ियों के दल पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए. घायलों में गोविंद, उनकी पत्नी और 13 साल की बेटी शामिल हैं. गोविंद की पीठ, पत्नी के हाथ और बेटी के सीने पर गोली के छर्रे लगे हैं. तीनों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है. इस पूरी वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें बदमाश भागते दिखाई दे रहे हैं.
हिसार में कांवड़ियों पर फायरिंग: पीड़ित गोविंद ने बताया कि "दयानंद कॉलोनी के तिकोना पार्क के पास शिव मंदिर पास काफी लोग कांवड़िए एकत्रित हुए थे. मैं भी अपनी पत्नी और बेटी के साथ खड़ा था. मैं अपने भांजे को छोड़ने के लिए आया था. क्योंकि मेरा भांजा भी कांवड़ लाने की तैयारी में था. अचानक से दो बाइक पर सवार पांच से 6 नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. जिसमें मैं यानी गोविंद, निशा और वीरा घायल हो गई."
एक ही परिवार के तीन लोग घायल: स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया. इस दौरान हमलावर आईटीआई चौक तरफ भाग निकले. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. पार्षद जगमोहन मितल भी घटना की सूचना पाकर अस्पताल में पहुच घए. पार्षद ने भी घटना के बारे में विधायक सावित्री जिंदल को अवगत करवाया. वहीं गोविंद ने बताया कि "अज्ञात लोगों ने हमला किया है. हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं है."
पुलिस मामले की जांच में जुटी: पूरे मामले पर अर्बन एस्टेट के इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि "घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. इसी आधार पर मुकदमा दर्ज होगा. आस पास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस इन बदमाशों का पता लगा रही है."

