Haryana Police Investigation: हिसार में मामूली बात पर खूनी संघर्ष, आरोपी युवक वारदात को अंजाम देकर फरार

हिसार के पटेल नगर में युवक पर चाकू से हमला। गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर, पुलिस जांच में जुटी।
 
bank worker stabbed Hisar

हिसार : हिसार के पटेल नगर में शुक्रवार देर शाम एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। गली में हुए विवाद के दौरान 20 वर्षीय समीर के कूल्हे के नीचे चाकू घोंप दिया गया। चाकू अंदर तक धंसने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल समीर को मोहल्ले के लोगों ने ई-रिक्शा की मदद से हिसार के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, समीर डाबड़ा चौक स्थित पीएनबी बैंक में चाय-पानी पिलाने का काम करता है। बताया जा रहा है कि शाम को बैंक से घर लौटने के बाद गली में ही किसी बात को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी युवक ने समीर पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू लगने के बाद समीर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस घायल के बयान के आधार पर मामले की जांच और आगामी कार्रवाई करेगी। फिलहाल विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है।