झज्जर: खेत में शराब पार्टी के दौरान विवाद, किसान की गोली मारकर हत्या
झज्जर के बहुझोलरी गांव में चरखी दादरी निवासी किसान योगेश की गोली मारकर हत्या। खेत में शराब पीते समय हुआ था विवाद। पुलिस ने 5 के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की छापेमारी।
झज्जर: जिले के बहुझोलरी गांव में एक किसान की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय योगेश पुत्र तेजेंद्र सिंह निवासी गांव नौसाव, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है. योगेश शादीशुदा था और उसके दो बेटे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भिजवाया गया.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरारः जानकारी के अनुसार योगेश अपने खेत में लगी कपास की फसल देखने के लिए बहु झोलरी गांव स्थित खेत में गया था. खेत में बने कमरे में योगेश अपने कुछ साथियों के साथ बैठा था, जहां सभी ने शराब पी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और वहां मौजूद एक युवक ने योगेश पर गोली चला दी. गोली लगने से योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी सहित मौके पर मौजूद सभी लोग फरार हो गए.
रात के 2 बजे पुलिस को मिली सूचनाः रात करीब दो बजे पुलिस को खेतों में बने कमरे में गोली चलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम का माहौल है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारीः मामले की जानकारी देते हुए एसीपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि "पुलिस को रात करीब दो बजे सूचना मिली थी कि बहु झोलरी गांव के पास खेतों में बने कमरे में गोली चली है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. मृतक के पिता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है." उन्होंने बताया कि "शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं." पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

