झज्जर: डीघल में दिव्यांग की गोली मारकर हत्या; साहिल मर्डर केस से जुड़े तार

झज्जर के डीघल में रंजिश का खूनी खेल! साहिल हत्याकांड का बदला लेने के लिए योगेश के दिव्यांग ताऊ जितेंद्र की हत्या। अमन उर्फ बंटी पर घर में घुसकर गोलियां बरसाने का आरोप।

 
अमन उर्फ बंटी आरोपी

झज्जर : झज्जर जिले के गांव डीघल में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में 50 वर्षीय विकलांग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जितेंद्र पुत्र धर्मवीर निवासी डीघल के रूप में हुई है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार,8 अप्रैल 2026 को गांव डीघल निवासी साहिल उर्फ सोनू की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में योगेश उर्फ योंगी और उसके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

योगेश वर्तमान में अपने साथियों सहित साहिल हत्याकांड में जेल में बंद है। मृतक पक्ष का आरोप है कि साहिल उर्फ सोनू की हत्या की रंजिश को लेकर उसके चाचा के लड़के अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जितेंद्र,योगेश उर्फ योंगी का ताऊ था और शारीरिक रूप से विकलांग था। आरोप है कि हमलावर देर रात घर में घुसे और जितेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के भाई सोमबीर के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है,जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।