Jhajjar Lawyer Murder: झज्जर में वकील की हत्या का खुलासा; पत्नी और साले ने ही रची थी साजिश, जमीन के लालच में भाड़े के कातिल से करवाया कत्ल

झज्जर में वकील देवराज सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, साले और मुख्य आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार किया है। जमीन बेचने से मिलने वाली रकम के लालच में पत्नी ने ही अपने भाई के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिए हैं।

 
वकील की हत्या का खुलासा

झज्जर : झज्जर शहर में वकील की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले की जांच पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। 

मामले की जानकारी देते हुए थाना शहर झज्जर के प्रभारी निरीक्षक बलदेव ने बताया कि गांव सिलानी निवासी जगत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका छोटा बेटा देवराज सिंह पेशे से वकील था और झज्जर में माता गेट के पास रहकर वकालत करता था। शिकायत के अनुसार 4-5 मार्च 2026 की रात को देवराज की पत्नी का फोन आया कि कुलताना निवासी हिमांशु ने देवराज को किसी जरूरी काम के बहाने बुलाया था। जब देवराज वहां पहुंचा तो आरोपी हिमांशु ने अचानक तेजधार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर थाना शहर झज्जर में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु निवासी कुलताना, जिला रोहतक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने देवराज को एक केस के बहाने बुलाया था और मौका मिलते ही चाकू से गले पर वार कर दिया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतक की जमीन बेचकर मिलने वाली रकम के लालच में इस वारदात की साजिश रची गई थी। पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए मृतक के साले आशीष निवासी गुभाना और मृतक की पत्नी स्वीटी को भी गिरफ्तार कर लिया। मृतक देवराज की पत्नी ने अपने भाई आशीष के साथ मिलकर जमीन के लालच में अपने ही पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी हिमांशु को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।