झज्जर: ट्रेन से कूदकर व्यक्ति ने दी जान, पत्नी से हुआ था विवाद

झज्जर में रोहतक-रेवाड़ी रेल लाइन पर चलती ट्रेन से कूदकर महेंद्रगढ़ के किसान की मौत। पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम।
 
जीआरपी जांच झज्जर

झज्जर : हरियाणा के झज्जर से एक दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आई है। यहां चलती पैसेंजर ट्रेन से एक व्यक्ति के कूदने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद व्यक्ति ने यह खौफनाक कदम उठाया।

मिली जानकारी के अनुसार, रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी रेलवे लाइन पर डीघल-सांपला रोड रेलवे फाटक के पास की है। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव सुरहेती कलां निवासी किसान सुरेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेश अपनी पत्नी के साथ झारखंड जाने के लिए घर से निकला था। ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर सुरेश और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेश ने अचानक चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। वह रेलवे ट्रैक के पास जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।