जींद: पशु तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से 107 कटड़े बरामद, 5 गिरफ्तार

जींद पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ट्रक में बेरहमी से भरे 107 कटड़े बरामद, 5 तस्कर अरेस्ट। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज।

 
जींद क्राइम न्यूज,

जींद: जींद की सदर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 107 कटड़ों (भैंस के बच्चों) से भरे एक ट्रक को अपने कब्जे में लिया है। इस मामले में मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने लगाया नाका
मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गश्त के दौरान गांव डुमरखां के पास तैनात थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी संख्या में पशुओं को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल प्रभाव से नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।

ट्रक का नजारा देख दंग रह गई पुलिस
जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो वहां का नजारा बेहद दर्दनाक था। ट्रक के भीतर बिना किसी उचित व्यवस्था के 107 कटड़ों को बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने तुरंत सभी बेजुबानों को मुक्त कराया और ट्रक में सवार पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान चरणजीत, रवि, गोला राम निवासी नंगल फतेहाबाद, सुखा निवासी देवबंद सहारनपुर और जग्गू निवासी सरदारेवाला रतिया के रूप में हुई।