Haryana Crime News: करनाल में पुलिस हिरासत से भागा आरोपी रिंकू, SHO बोले- जल्द होगा गिरफ्तार

करनाल जिले की ब्याना पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाया गया PO आरोपी रिंकू सिपाही को धक्का देकर दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस छापेमारी कर रही है।
 
इंद्री थाना पुलिस कार्रवाई

करनाल: करनाल जिले के इंद्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ब्याना पुलिस चौकी से एक घोषित भगौड़ा (PO) आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी सिपाही को अचानक धक्का देकर पुलिस चौकी की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकला। घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश में नाकाबंदी की गई है।

पुलिसकर्मी अंकित कुमार ने बताया कि सिविल लाइन थाना करनाल में दर्ज एक मामले के सिलसिले में आरोपी रिंकू (निवासी ब्याना) को उसके घर से पूछताछ के लिए ब्याना चौकी लाया गया था। पूछताछ के दौरान रिंकू ने बाथरूम जाने की बात कही। जब पुलिसकर्मी उसे बाथरूम से वापस कमरे में ला रहे थे, तभी रिंकू ने अचानक सिपाही अंकित को जोरदार धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इससे पहले कि पुलिस संभल पाती, आरोपी ने फुर्ती से चौकी की दीवार लांघी और मौके से रफूचक्कर हो गया।

 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आए। इंद्री थाना प्रभारी (SHO) धर्मबीर सिंह ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे बहुत जल्द दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, हिरासत से आरोपी के भागने के बाद चौकी की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।