करनाल पुलिस एनकाउंटर: कर्ण विहार फायरिंग का मुख्य आरोपी गगन गिरफ्तार

करनाल के मधुबन में पुलिस मुठभेड़ के बाद बदमाश गगन गिरफ्तार। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा। कर्ण विहार और प्योंत टोल फायरिंग मामले में था वांछित।

 
हरियाणा क्राइम न्यूज़

करनाल: मधुबन थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब आर्वधन नहर की पटरी पर पुलिस और बदमाश आमने-सामने आ गए. जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया. घायल बदमाश को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत सामान्य होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.

गुप्त सूचना से मुठभेड़ तक का घटनाक्रम: सीआईए-1 की टीम को सूचना मिली थी कि कर्ण विहार फायरिंग केस का आरोपी स्कूटी पर अपने गांव की ओर जा रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर ही फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसकी टांग में लगी और वह गिर पड़ा.

कर्ण विहार फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी गगन, गांव रांवर का निवासी है. उसने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर 19 अप्रैल को कर्ण विहार में उज्ज्वल उर्फ मोनू पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया था.

दूसरा आरोपी पहले ही कर चुका सरेंडर: इस मामले में शामिल विशाल जनजोतरा पहले ही निसिंग थाना पुलिस के सामने सरेंडर कर चुका है. उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा, जबकि गगन से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी.

कैसे रची गई थी फायरिंग की साजिश: उज्ज्वल ने पुलिस को बताया कि "19 अप्रैल की शाम वह अस्पताल से लौट रहा था, तभी दो युवक बाइक पर उसका पीछा करने लगे. आरोपियों ने सुनसान जगह पर उसे रोककर पहले पहचान पक्की की और फिर पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. हमले में उसकी टांग में कई गोलियां लगीं.

प्योंत टोल फायरिंग से भी जुड़ा कनेक्शन: जांच में सामने आया है कि आरोपी विशाल प्योंत टोल प्लाजा फायरिंग कांड में भी शामिल था. 1 अप्रैल की रात आरोपियों ने टोल बैरियर तोड़ते हुए फायरिंग की और फरार हो गए थे.

लगातार खुल रहे आपराधिक नेटवर्क के तार: पुलिस का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे आपसी रंजिश और संगठित आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क काम कर रहा है. सीआईए-1 और सीआईए-3 की टीमें मिलकर पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.

पुलिस का सख्त संदेश: इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.