Kurukshetra Crime: कुरुक्षेत्र में 'आस्तीन का सांप' निकला सेल्स एजेंट; एजेंसी से चोरी कीं 9 नई एक्टिवा, टारगेट पूरा करने का झांसा देकर दोस्तों को बेचीं

कुरुक्षेत्र पुलिस की CIA-2 टीम ने स्कूटी चोरी के बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। एजेंसी में काम करने वाले सेल्स एजेंट हरमनप्रीत ने ही स्टॉक से 9 नई एक्टिवा चोरी कर ली थीं। आरोपी ने टारगेट पूरा करने का बहाना बनाकर दोस्तों को बिना कागजों के स्कूटियां बेच दी थीं। जानें कैसे पकड़ा गया चोर।

 
100 फुट रोड कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस की CIA-2 टीम ने स्कूटी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एजेंसी के ही सेल्स एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एजेंसी से 9 नई एक्टिवा स्कूटियां चोरी कर अलग-अलग जगहों पर छिपा दी थीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सभी चोरीशुदा स्कूटियां बरामद कर ली हैं और उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार चोरी की यह घटना शहर की 100 फुट रोड स्थित एक स्कूटी एजेंसी से सामने आई थी। एजेंसी के मैनेजर विवेक कुमार ने 14 मार्च को थाना कृष्णा गेट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को स्टॉक चेक करने पर कुछ एक्टिवा स्कूटियां गायब मिलीं। जांच करने पर पता चला कि कुल 9 स्कूटियां एजेंसी से चोरी हो चुकी हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच CIA-2 को सौंप दी।

करीब 5 महीने से एजेंसी में कर रहा था काम  

जांच के दौरान पुलिस ने एजेंसी में काम करने वाले सेल्स एजेंट हरमनप्रीत सिंह निवासी मोहन नगर को गिरफ्तार किया। आरोपी करीब 5 महीने से एजेंसी में काम कर रहा था और उसका काम गोदाम से स्कूटियां निकालकर उन्हें तैयार करना तथा डिलीवरी देना था। इसी वजह से किसी को उस पर शक नहीं हुआ।

दोस्तों और जानकारों को झांसा देकर बेची थीं स्कूटियां

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धीरे-धीरे एक-एक कर एजेंसी से स्कूटियां निकालकर अलग-अलग जगहों पर खड़ी कर देता था। उसने 4 स्कूटियां एक होटल के पास, 2 स्कूटियां मोहन नगर में और 3 स्कूटियां अपने दोस्तों व जानकारों के पास रखवा दी थीं। CIA-2 के इंचार्ज मोहन लाल के अनुसार आरोपी ने अपने दोस्तों और जानकारों को यह झांसा दिया था कि उसे कंपनी का टारगेट पूरा करना है, इसलिए वह किस्तों पर स्कूटी दिलवा रहा है। उसने कहा था कि जैसे ही पूरी रकम उसके खाते में आ जाएगी, वह स्कूटी की आरसी और कागजात बनवाकर दे देगा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को बिना नंबर की स्कूटी के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में जब उसने बताया कि यह स्कूटी एजेंसी की है, तब एजेंसी से संपर्क किया गया। इसके बाद स्टॉक चेक करने पर 9 स्कूटियां गायब होने का मामला सामने आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कहीं और तो स्कूटियां नहीं बेचीं।