Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के अन्टेहड़ी में इकलौते बेटे ने की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम

कुरुक्षेत्र के बाबैन क्षेत्र के गांव अन्टेहड़ी में 22 वर्षीय अमनपाल ने फंदा लगाकर दी जान। माता-पिता खेत गए थे, घर में मौजूद थीं दो बहनें। पुलिस जांच में जुटी।

 
इकलौते बेटे की मौत

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन क्षेत्र के गांव अन्टेहड़ी में युवक ने घर के चौबारे में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में उसकी दो बहनें मौजूद थीं, जबकि माता-पिता खेत में घास लेने गए हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमनपाल निवासी अन्टेहड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमनपाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य भी एकत्रित किए गए। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

रोने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी

पड़ोसी अभिषेक ने बताया कि वह अमनपाल का बचपन का दोस्त है। सुबह वह अपने घर पर था, तभी पड़ोसी राजकुमार के घर से रोने-बिलखने की आवाज सुनाई दी। वह तुरंत वहां पहुंचा तो देखा कि अमनपाल चौबारे के कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर लटका हुआ था।

बहनों की मदद से नीचे उतारा

अभिषेक के अनुसार, उस समय अमनपाल की बहनें शिवानी और ऊमा मौके पर मौजूद थीं और रो रही थीं। उसने बहनों की मदद से अमनपाल को फंदे से नीचे उतारा। उस समय अमनपाल के माता-पिता सुमन देवी और राजकुमार खेत में घास लेने गए हुए थे। उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे तुरंत घर लौट आए।

कुछ दिनों से था परेशान

आस-पास के लोगों के अनुसार अमनपाल पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। थाना बाबैन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।