Kurukshetra Crime: कुरुक्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद, शाहाबाद में बंदूक की नोक पर 19 साल की युवती का दोबारा अपहरण; इलाके में दहशत
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में देर रात 5 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 19 साल की युवती का अपहरण कर लिया। हैरानी की बात यह है कि 15 दिन पहले भी इसी युवती को अगवा किया गया था। खेत से युवती की चुन्नी बरामद हुई है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में देर रात बंदूक के बल पर बदमाश घर से 19 साल की युवती को उठा ले गए। करीब 15 दिन पहले भी इस युवती का अपहरण हुआ था। हालांकि पुलिस ने अगले ही दिन युवती को पंजाब के होशियारपुर से बरामद कर लिया था। अब दोबारा हुई इस घटना से परिवार के लोग दहशत डरे हुए हैं।
युवती के भाई के मुताबिक रात को पूरा परिवार सोया हुआ था। रात करीब 2:30 बजे पांच लोग पिस्टल/बंदूक के साथ उनके घर में घुस आए। तीन बदमाश जबरदस्ती उसकी बहन को अपने साथ ले गए, जबकि 2 बदमाश घर पर ही उन पर बंदूकें तानकर खड़े रहे। शोर मचाने पर उन्होंने पर गोली मारने की धमकी दी।
खेत से मिली चुन्नी
आरोपी कॉलोनी के बाहर अपनी गाड़ियां खड़ी करके आए थे। उनके जाने के बाद उन्होंने अपनी बहन की आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। कुछ देर बाद खेत से उसकी बहन की चुन्नी बरामद हुई। उन्होंने डायल-112 को कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा भी लिया।
15 दिन पहले भी अगवा किया
परिवार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी उनकी लड़की को अगवा कर लिया था। लड़की अपने भांजे के साथ सब्जी लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी उसे गाड़ी में जबरन ले गए थे। बच्चे ने घर आकर पूरी बात बताई। परिवार ने आरोप लगाया कि इस बार भी उनकी लड़की हथियार के बल पर लेकर जाने वाले वही लोग है।
पुलिस कर रही मामले की जांच- कृष्ण कुमार
शाहाबाद हुडा चौकी के इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पहले इस लड़की को होशयारपुर से बरामद किया था, लेकिन उसे लेकर जाने वाले आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस की कईं टीमें केस पर काम कर रही है। युवती को सही-सलामत वापस लाया जाएगा।

