Shahbad Encounter News: कुरुक्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग करने वाले बदमाश गिरफ्तार, कार से मिला 200 ग्राम स्मैक-चिट्टा

कुरुक्षेत्र के शाहबाद में पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़। 40 लाख रुपये कीमत का 200 ग्राम चिट्टा बरामद, एक आरोपी घायल।

 
chitta recovery Haryana

कुरुक्षेत्र। जिला कुरुक्षेत्र के शाहबाद क्षेत्र में सोमवार देर शाम और मंगलवार सुबह पुलिस व नशा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में शाहबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर गौरव (निवासी जंधेड़ी) और संजू (निवासी कैथल) को दबोच लिया। आरोपियों की कार की तलाशी लेने पर उससे करीब 40 लाख रुपये बाजार मूल्य का 200 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद किया गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में पुलिस की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

🚨 नाकाबंदी के दौरान हुआ आमना-सामना: एसपी के निर्देश पर शाहबाद पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, कई आपराधिक मामले दर्ज

मामले की जानकारी देते हुए थाना शाहबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंधु ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंधेड़ी रोड पर नहर के पास नाकाबंदी की थी। जब संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें जवान बाल-बाल बचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी गौरव को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी संजू खेतों की तरफ भाग निकला था। मंगलवार सुबह दोबारा हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संजू की टांग में गोली मारकर उसे काबू किया और उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी गौरव के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और कुरुक्षेत्र के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत करीब 6 मामले पहले से दर्ज हैं।