पंचकूला मर्डर केस: नामकरण पार्टी से लौटे युवक की हत्या, दूसरा शव भी मिला
पंचकूला के सेक्टर-19 में 20 वर्षीय युवक संजीत की हत्या। नामकरण समारोह से लौटते समय हुआ हमला। घटनास्थल पर संदेही अर्जुन कश्यप का भी मिला शव। जांच जारी।
पंचकूला: सेक्टर-19 में शुक्रवार की रात एक 20 वर्षीय युवक पर तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान संजीत के रूप में हुई है, जबकि इस घटना में उस संदिग्ध युवक का शव भी घटनास्थल पर पड़ा मिला, जिस पर परिजनों को संजीत की हत्या का शक था. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. फिलहाल पुलिस जांच टीम मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है.
बेटे के जन्म का नामकरण समारोह: दरअसल, छह दिन पहले संजीत के घर बेटे का जन्म हुआ था. इसकी खुशी में उसने शुक्रवार की रात सेक्टर-19 स्थित घर पर नामकरण समारोह और पार्टी आयोजित की. पार्टी के दौरान ही संजीत किसी काम से अभयपुर गया, जहां से लौटते समय प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया. खतरे का आभास होने पर संजीत ने अपने कज़न विपिन को फोन कर बताया कि कुछ लड़के उसका पीछा कर रहे हैं.
अंडरपास के नजदीक घायल मिला: विपिन ने संजीत के फोन और उसके खतरे में होने की बात तुरंत रिश्तेदारों को बताई और फिर सभी संजीत की तलाश में निकल पड़े. इस दौरान उन्हें संजीत सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला. इसके बाद वे सभी उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटनास्थल के पास दूसरा शव मिला: वारदात की सूचना पर सेक्टर-19 पुलिस चौकी प्रभारी, सेक्टर-20 थाना प्रभारी समेत क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई. शनिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस टीम संजीत के परिजनों को साथ लेकर घटनास्थल पर दोबारा जांच के लिए पहुंची. इस दौरान यह घटना उस समय और पेचीदा हो गई जब, घटनास्थल के पास खड़क मंगोली निवासी अर्जुन कश्यप का शव भी पड़ा मिला. परिजनों ने बताया कि उन्हें संजीत की हत्या के मामले में अर्जुन कश्यप पर ही शक था.
दोनों मृतक एक-दूसरे के जानकार और हमलावर तीसरा पक्ष भी: प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीत और अर्जुन कश्यप पहले से एक दूसरे को जानते थे. किन्हीं कारणों से इनके बीच रंजिश थी. यही कारण है कि जब संजीत की मौत हुई तो उसकी हत्या का शक परिजनों को अर्जुन कश्यप पर था, लेकिन शनिवार की सुबह जब मौके की जांच की गई, तो पुलिस को अर्जुन कश्यप का शव भी घटनास्थल के पास पड़ा मिला, जिससे मामला और उलझ गया. पुलिस जांच के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं.
मामले का एक पहलू यह भी: माना जा रहा है कि जब संजीत और अर्जुन का झगड़ा हुआ तो, इनमें से एक युवक की तरफ से कुछ अन्य लोग भी वारदात में शामिल हो गए. इस दौरान तेजधार हथियार के पहले एक युवक की मौत हो गई और दूसरे घायल युवक ने बाद में दम तोड़ा हो सकता है. माना जा रहा है कि वारदात में शामिल अन्य युवक फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है.
इनसे पूछताछ कर रही है पुलिस: पुलिस इस मामले में संजीत के परिजनों, रिश्तेदारों व दोस्तों समेत अन्यों से पूछताछ में जुटी है. इसके साथ ही मृतक अर्जुन कश्यप के परिजनों और जानकारी से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और हर संभावित पहलू की पड़ताल की जा रही है. पुलिस जनमार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज खंगाल रही है, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके. इसके अलावा मामले की सभी कड़ियों को जोड़कर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने का प्रयास भी किया जा रहा है.

