Haryana Police Action: पुरानी रंजिश में युवक पर घर में घुसकर हमला करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पानीपत के बापौली में युवक पर कार से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार। पुलिस रिमांड पर।
 
Haryana attack case

पानीपत : थाना बापौली पुलिस ने बापौली में गोयला खेड़ा निवासी संदीप को कार से टक्कर मारकर व घर में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र अमित निवासी गोयला खेड़ा, रोहताश पुत्र सोहन लाल, अंकुश पुत्र नरेश, शंकर पुत्र राजपाल निवासी नोहरा व अमित निवासी सौदापुर के रूप में हुई है। आरोपियों को थाना बापौली प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज की टीम ने वीरवार शाम को गिरफ्तार किया है।

उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि थाना बापौली में गोयला खेड़ा निवासी संदीप पुत्र ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी कुछ दिन पहले परिवार के ही पंकज पुत्र अमित के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बाद में आपसी सहमति से मन मुटाव दूर हो गया था, लेकिन पंकज इस बात की मन में रंजिश रखे हुए था।

22 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह बापौली में काम कर अपने साथी रितिक के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जब वे गोयला रोड पर कुटिया के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार के चालक ने उन्हें जान से मारने की नीयत से सीधी टक्कर मार दी, जिससे वे बाइक सहित नीचे गिर गए। वह उठकर चलने लगा तो आरोपियों ने दोबारा कार से टक्कर मारी। उसने उठकर बचने के लिए भागकर गली में एक मकान में छुपने की कोशिश की। पीछा करते हुए आरोपी अभिषेक निवासी गोयला खेड़ा और सोनू उर्फ मोटा, अंकुश व शंकर निवासी नोहरा मकान में घुस आए और उस पर लाठी, डंडे व हथियारों से हमला कर चोटें मारीं। मकान में रह रहे लोगों ने उसे आरोपियों से बचाने की कोशिश की। हमला कर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। 

इस दौरान उसकी गले में पहनी सोने की चेन भी गायब मिली। संदीप ने शिकायत में बताया कि उसे शक है कि पंकज ने ही उक्त आरोपियों से उस पर हमला करवाया है। संदीप की शिकायत पर थाना बापौली में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार पांचों आरोपियों अभिषेक, रोहताश, अंकुश, शंकर व अमित ने मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

आरोपी अभिषेक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई पंकज की कुछ दिन पहले गांव के संदीप के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। भाई के साथ हुई कहासुनी की रंजिश रखते हुए उसने अपने उक्त साथी आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी रोहताश व अंकुश का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी रोहताश पर लड़ाई झगड़े के 5 मामले और आरोपी अंकुश पर 2 मामले दर्ज है। 

पुलिस ने शनिवार को पांचों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त गाड़ी व लाठी-डंडे बरामद करने का प्रयास करेगी।