Panipat Crime News: पानीपत में होली पर खूनी खेल; कमेंट पास करने पर विवाद, युवक की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद वारदात
पानीपत के पुराना औद्योगिक क्षेत्र में होली के दौरान कमेंट करने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने ईंटों से वार कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद है, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
पानीपत : पानीपत शहर में होली खेल रहे युवकों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। विवाद कमेंट पास करने को लेकर शुरू हुआ था।
एक बार मामला शांत करा दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही कई युवक इकट्ठा होकर आए और फिर झगड़ा करने लगे। इसी बीच हमलावरों ने एक युवक को दूसरे गुट का समझकर घेर लिया। पहले उसकी पिटाई की गई, फिर ईंटों से वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने खून से लथपथ युवक को उठाकर एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के साथ सीआईए (CIA) यूनिट और साइबर टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज लगी है, जिसमें यह पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

