Panipat Murder Case: पानीपत में खूनी खेल; 25 हमलावरों ने 22 वर्षीय ललित को सुओं और गंडासियों से गोदकर मारा, इलाके में तनाव

पानीपत के कुटानी रोड पर पुरानी रंजिश में 22 साल के ललित की बेरहमी से हत्या। अजय नामक युवक ने अपने 25 साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और बर्फ तोड़ने वाले सुओं से किया हमला। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार।

 
Murder in Panipat Verma Chowk

पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुटानी रोड स्थित वर्मा चौक का है, जहाँ सोमवार रात करीब 9:00 बजे पुरानी रंजिश के चलते एक 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर लाठी-डंडों, गंडासियों और बर्फ तोड़ने वाले सुओं से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान न्यू दलबीर नगर निवासी ललित (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ललित रात के समय घर से टहलने के लिए निकला था। जैसे ही वह वर्मा चौक के पास पहुँचा, घात लगाकर बैठे अजय नामक युवक और उसके करीब 25 साथियों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने बिना कुछ सोचे-समझे ललित पर जानलेवा हथियारों से हमला कर दिया।

ललित के पिता ने बताया कि इस खूनी संघर्ष की वजह बेहद मामूली थी। दरअसल, मुख्य आरोपी अजय की कॉलोनी के ही एक अन्य व्यक्ति राजेंद्र के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। सोमवार को ललित ने राजेंद्र के साथ मिलकर होली मनाई थी। इसी बात से खुन्नस खाए अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर ललित को निशाना बनाया और उसे मौत के घाट उतार दिया।


घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। ललित के शव को पानीपत के सामान्य अस्पताल (सिविल हॉस्पिटल) के शव गृह में रखवाया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया है। परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।