Panipat PTI Murder Case: उधार के पैसे और चेक के वीडियो पर हुआ विवाद, CIA-1 ने आरोपी दोस्त को यूपी से दबोचा

सर्वोदय विद्यालय के PTI अवधेश की हत्या के मामले में CIA-1 ने आरोपी दोस्त साहिल को गिरफ्तार कर 3 दिन के रिमांड पर लिया।
 
हरियाणा यूपी क्राइम समाचार

पानीपत: नई दिल्ली के सर्वोदय विद्यालय में पीटीआई और शामली के जलालपुर गांव निवासी अवधेश (36) की हत्या उसके दोस्त साहिल ने की थी। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बदरखा गांव निवासी साहिल ने उधार दिए रुपये वापस मांगने और चेक के वीडियो को डिलीट कराने को लेकर हुए विवाद में अवधेश के सिर में गोली मार दी थी।

हत्या के बाद शव को पानीपत सीमा में फेंक दिया था। सीआईए वन ने आरोपी साहिल को उत्तर प्रदेश के छपरौली से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में साहिल ने हत्या की वारदात कबूल की है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि आरोपी साहिल बागपत जिले के बदरखा गांव का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि साहिल और अवधेश की पुरानी दोस्ती थी। साहिल ने अवधेश से काफी रकम उधार ले रखी थी। अवधेश लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था। रकम की सुरक्षा के लिए अवधेश ने साहिल से दो चेक लिए थे। उसने चेक का वीडियो बनाकर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखा हुआ था।