पानीपत: समालखा में दो युवकों की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत
पानीपत के समालखा में दो युवकों की गोली मारकर हत्या। बुडशाम गांव के पास मिले शव, परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप। पुलिस जांच में जुटी।
पानीपत : हरियाणा के पानीपत में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां समालखा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दो युवकों की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे दोनों युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:00 बजे समालखा थाना क्षेत्र के बुडशाम गांव के पास दिल्ली नहर बायपास रोड पर गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क किनारे दो युवकों के शव पड़े देखे। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान थे। इसके बाद राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। मृतकों की पहचान 29 वर्षीय अंकुश तथा राहुल मलिक के रूप में हुई है।अंकुश के परिजन ने उनके दोस्त साहिल पर घर से बुलाकर दोनों युवकों की हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए दोनों ही मृतक युवकों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे
आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने वारदात को किसी अन्य स्थान पर अंजाम दिया और बाद में शवों को सिवाह बाईपास और बुडशाम पुल के बीच सड़क किनारे फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

