Panipat Crime: पानीपत में मजदूरी पर जाने वाली युवती से छेड़छाड़; 3 युवकों पर धर्म परिवर्तन के दबाव और फोटो वायरल करने की धमकी का आरोप

पानीपत के सनौली में खेतों में मजदूरी करने वाली 22 वर्षीय युवती ने गांव के तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी उसका पीछा करते हैं, पुरानी फोटो वायरल करने की धमकी देते हैं और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

 
युवती को जान से मारने की धमकी

 पानीपत। सनौली थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के तीन युवकों पर पीछा करने, धमकी देने और बदनाम करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार 22 वर्षीय युवती खेतों में मजदूरी का काम करने जाती है। इसी दौरान गांव के ही तीन युवक उसका पीछा करते हैं और बातचीत के लिए दबाव बनाते हैं। युवती का आरोप है कि मना करने पर आरोपित उसकी पुरानी फोटो, वीडियो व रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देते हैं। इतना ही नहीं, उसे और उसके एक रिश्तेदार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत में एक आरोपित पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है। इंकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।