Rewari Suicide: फंदे के साथ सेल्फी और 'Miss You All' का स्टेटस, रेवाड़ी में 19 साल के युवक ने की आत्महत्या

रेवाड़ी के धारूहेड़ा में यूपी के युवक ने इंस्टाग्राम पर सुसाइड नोट जैसी स्टोरी डालकर फांसी लगाई। फंदे के साथ सेल्फी पोस्ट कर लिखा- 'मिस यू ऑल'। कमरे में गाने बज रहे थे और दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

 
Social Media Suicide Alert

रेवाड़ी  : हरियाणा जिले के रेवाड़ी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां यूपी के इटावा निवासी 19 वर्षीय युवक गौतम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टोरी अपलोड की थी, जिसमें उसने “मिस यू ऑल माई डेथ” लिखते हुए फंदे के साथ अपनी सेल्फी साझा की थी। 

जानकारी के अनुसार, मृतक गौतम धारूहेड़ा के औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में नौकरी करता था और गांव मालपुरा में किराए के कमरे में रह रहा था। रविवार की रात वह शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने कमरे पर अकेला था, जबकि उसका रूममेट किसी सगाई समारोह में गया हुआ था।

परिजनों के अनुसार, गौतम पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उदास और भावुक स्टोरी डाल रहा था। मृतक के भाई दीपक ने बताया कि परिवार ने कई बार उससे कारण पूछा, लेकिन उसने कभी कुछ नहीं बताया। आत्महत्या से पहले भी रात करीब साढ़े आठ बजे उसने फंदे के साथ सेल्फी लेकर स्टोरी अपलोड की थी। 

बताया गया है कि उस रात गौतम का एक मोबाइल फोन बंद था, जबकि दूसरे फोन में गाने चल रहे थे। सोमवार सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी। इसके बाद हथौड़े से खिड़की तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। 

जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अनीष ने बताया कि ईआरवी के माध्यम से आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। फिलहाल धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।