Rewari Crime: दबंग बॉबी राव गिरफ्तार, बंद दुकान की दीवार तोड़ ₹9 लाख का सामान चोरी किया

रेवाड़ी के ब्रह्मगढ़ में दुकान पर कब्जे की नीयत से दीवार तोड़ने और 9 लाख का सामान चोरी करने का आरोपी बॉबी राव गिरफ्तार। मॉडल टाउन थाना पुलिस कर रही पूछताछ।

 
रेवाड़ी पुलिस एक्शन

रेवाड़ी : रेवाड़ी शहर के ब्रह्मगढ़ इलाके में बंद पड़ी दुकान पर कब्जे की नीयत से दीवार तोड़कर करीब 9 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ करने वाले आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी राव को मॉडल टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में अपनी दबंग छवि के लिए चर्चित बॉबी राव की पहचान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के समर्थकों में भी अलग मानी जाती है। 

बंद दुकान को आरोपी बॉबी राव ने बनाया निशाना 

पुलिस के अनुसार ब्रह्मगढ़ स्थित यह दुकान वर्ष 1986 से एक ही मालिक के कब्जे में है। मालिक की तबीयत खराब होने के चलते वर्ष 2017 में दुकान रोशनलाल को किराए पर दी गई थी, जो लंबे समय से यहां व्यापार कर रहे थे। करीब दो महीने पहले रोशनलाल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां 17 मार्च 2026 को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। रोशनलाल की मौत के बाद दुकान लगातार बंद पड़ी रही। इसी बंद दुकान को आरोपी बॉबी राव ने अपना निशाना बनाया। 

आरोप है कि उसने प्लॉट की तरफ से दुकान की दीवार तुड़वाकर अंदर घुसपैठ की और भीतर रखा करीब 9 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया, साथ ही कब्जे की कोशिश में सामने नई दीवार भी खड़ी कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ जब 29 मार्च को रोशनलाल के परिजन दुकान पर पहुंचे। दुकान के सामने नई दीवार बनी देख उन्हें शक हुआ। जब अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान गायब मिला। इसके बाद तुरंत मॉडल टाउन थाने में शिकायत दी गई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तेज कार्रवाई करते हुए बॉबी राव को दबोच लिया।

पहले भी कई विवादित मामलों में सुर्खियों में रहा बॉबी राव 

सेक्टर-3 चौकी प्रभारी एसआई राकेश के अनुसार आरोपी ने बंद दुकान का फायदा उठाकर यह वारदात अंजाम दी। बॉबी राव पहले भी कई विवादित मामलों में सुर्खियों में रहा है और उसके खिलाफ महिला से छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज बताया जा रहा है। अब पुलिस उससे चोरी किए गए सामान की बरामदगी, कब्जे की मंशा और इस पूरे खेल में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।