रोहतक: मां की मामूली डांट से आहत 14 साल के किशोर ने की आत्महत्या, घर में फंदे से लटका मिला शव

हरियाणा के रोहतक में तेज कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय अश्वनी ने मां की डांट से दुखी होकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पिता की मौत के बाद वह परिवार का छोटा बेटा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

 
Mother Scolding Suicide Case

रोहतक: हरियाणा के रोहतक में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मां सविता की डांट के बाद 14 वर्षीय किशोर ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। किशोर की पहचान तेज कॉलोनी के 14 वर्षीय अश्वनी के रूप में की गई है। पिता की मौत हो चुकी है। वह तीन बहन और दो भाईयों में छोटा था।

मां बाजार गई थी, घर पर बहन के साथ अश्वनी रह गया था, तभी वह कमरे में गया और फंदे पर लटक गया। बहन ने भाई अश्वनी को फंदे पर लटका देखा तो उसने शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। अश्वनी को फंदे से नीचे उतारा गया।

सिविल अस्पताल लेकर गए। जहां से पीजीआई रैफर किया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करते हुए शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। किशोर द्वारा किए गए सुसाइड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। किशोर पढ़ता था। मां ने सुबह घर का कुछ काम करने के लिए डांट दिया था। इससे आहत होकर किशोर ने फंदे पर लटककर सुसाइड किया है। परिजनों ने किसी तरह की कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत आती है जांच की जाएगी।