रोहतक: किलोई के किसान से 5 लाख की रंगदारी मांगी, बंदूक तानकर बंद करवाई दुकान; 4 के खिलाफ केस दर्ज
हरियाणा के रोहतक में बदमाशों के हौसले बुलंद! किलोई गांव में किसान सतीश से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोपियों ने बंदूक के दम पर किराएदार की दुकान भी बंद करवाई। सदर थाना पुलिस ने 4 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रोहतक : हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को गांव किलोई में एक किसान से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने व न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक किलोई गांव के किसान को गांव के ही 4 युवकों ने धमकी देकर फिरौती मांगी है। पीड़ित किसान सतीश पुत्र रामकिशन गांव किलोई ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है और घर के बाहर बनी दुकान किराए पर दे रखी है। 3 दिन पहले गांव के ही हनी, अमित उर्फ बाबर, शक्तिमान उर्फ रोहित व विक्की उर्फ गोंडर ने घर आकर 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। रुपए न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उसने दुकान खाली करने के लिए किराएदार को कहा है।
कल किराएदार ने जब दुकान खोली तो आरोपी आए और उस पर बंदूक तानकर कहा कि किसके कहने पर दुकान खोली है। इसके बाद दुकान को बंद करवा दिया। सदर थाना एस.एच.ओ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर गांव के ही 4 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द उनको को काबू कर लिया जाएगा।

