रोहतक: ओमेक्स सिटी में टहल रहे फाइनेंसर पर फायरिंग, हालत गंभीर

रोहतक की ओमेक्स सिटी में अज्ञात हमलावरों ने फाइनेंसर लवकेश उर्फ पप्पू पर गोलियां बरसाईं। कमर में लगी गोली, हालत नाजुक। पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी।

 
हरियाणा में बढ़ती आपराधिक घटनाएं

रोहतक : रोहतक की ओमेक्स सिटी से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां रविवार देर रात घर के बाहर टहल रहे एक फाइनेंसर पर फायरिंग की गई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान झज्जर जिले के गांव डीघल के फाइनेंसर लवकेश उर्फ पप्पू के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि फाइनेंसर लवकेश घर के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान दो पैदल आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली पीड़ित की कमर में लगी। खून से लथपथ घायल फाइनेंसर घर की ओर भागा। गाड़ी लेकर स्वयं निजी अस्पताल पहुंचकर इलाज शुरू करवाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं वारदात को अंजाम दे आरोपी मौके से फरार हो गए।

इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। वहीं इस खौफनाक फायरिंग की वारदात ने पूरा इलाका दहला दिया।