सोनीपत: आपसी रंजिश में SPO ने चलाई गोली, बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल
सोनीपत के अशोक विहार में एसपीओ ने आपसी रंजिश के चलते तीन राउंड फायरिंग की। गली से गुजर रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला गोली लगने से घायल। सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
सोनीपत: अशोक विहार में आपसी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. आरोप है कि हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर यानी (SPO) के पद पर तैनात एक जवान ने एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग कर दी. इस दौरान गली से गुजर रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आपसी रंजिश में चलीं तीन गोलियां: जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान एसपीओ विक्रम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि विक्रम और यश नाम के युवक के बीच पहले से आपसी रंजिश चल रही थी. इसी विवाद के चलते विक्रम ने कथित तौर पर यश पर तीन राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली गली से गुजर रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला मूर्ति राम के पैर में जा लगी. गोली लगते ही महिला घायल होकर गिर गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना: घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है. फुटेज में बुजुर्ग महिला गली से गुजरती दिखाई देती हैं. कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की आवाज आती है और महिला घायल होकर गिर जाती हैं. इसके बाद स्थानीय लोग उन्हें उठाकर अस्पताल ले जाते नजर आते हैं. घटना के बाद आरोपी विक्रम के परिवार का भी बयान सामने आया है. परिवार ने गोलीबारी की घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है और कहा है कि मामला जैसा बताया जा रहा है, वैसा नहीं है. हालांकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी: मामले में पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि "अशोक विहार से आपसी रंजिश में फायरिंग की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि एसपीओ पर तीन राउंड फायरिंग करने का आरोप है. यश नाम के युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. विक्रम और यश के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते फायरिंग हुई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई. सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

