सोनीपत मर्डर: भटगांव में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस मुठभेड़ में 2 आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत के भटगांव में रंजिश के चलते बिट्टू की हत्या। आंखों में मिर्च डालकर मारी गोली। 10 घंटे के अंदर क्राइम ब्रांच के साथ मुठभेड़ में आरोपी प्रिंस और मोहित गिरफ्तार।
सोनीपत : सोनीपत के गांव भटगांव में देर रात दो युवक सागर और बिट्टू पर गांव के ही रहने वाले दो सगे भाइयों प्रिंस और मोहित ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग से पहले दोनों युवकों पर मिर्ची पाउडर डाला गया और उसके बाद बिट्टू और सागर पर करीब तीन से चार राउंड फायर हुए जिसमें बिट्टू की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह बताया जा रहा है कि सागर का बड़ा भाई गांव की एक लड़की को भगाकर शादी कर चुका है और उसी की रंजिश रखते हुए लड़की के भाई प्रिंस और मोहित ने इस वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के 10 घंटे बीतने के बाद आरोपी काबू
इस वारदात के 9 से 10 घंटे बीत जाने के बाद जब क्राइम ब्रांच की कई टीमें मोहित और प्रिंस का पीछा कर रही थी तो क्राइम ब्रांच वन की टीम को देखकर मोहित और प्रिंस ने भागने की फिराक में क्राइम ब्रांच वन की टीम की गाड़ी पर फायर कर दिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच वन की टीम के कर्मचारियों ने दोनों को काबू करने के लिए उन पर फायर किया तो दोनों के पैर में गोली लगी। मोहित और प्रिंस को आनंद फादर में इलाज के लिए पुलिस कर्मचारी खानपुर पीजीआई लेकर पहुंचे जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। क्राइम ब्रांच 1 की टीम ने दोनों के कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे और बाइक बरामद की है।
डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान के मुताबिक दोनों सगे भाई मोहित और प्रिंस की क्राइम कुंडली पुलिस खंगाल रही है। बिट्टू हत्याकांड को आपसी रंजिश में अंजाम दिया गया है और इस वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बिट्टू हत्याकांड के बाद बिट्टू के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और बिट्टू के परिजन जिला पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। बिट्टू के चाचा रोहतास ने बताया कि बिट्टू और सागर जब ड्यूटी से घर लौट रहे थे तब मोहित और प्रिंस ने इस वारदात को अंजाम दिया, क्योंकि सागर का बड़ा भाई मोहित और प्रिंस की बहन से शादी कर चुका है और इसी की रंजिश रखते हुए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है। उनके बेटे का तो इस मामले में भी कोई हाथ नहीं था। मोहित और प्रिंस ने पहले तो सागर और बिट्टू पर मिर्ची पाउडर डाला और उसके बाद बिट्टू को तीन गोलियां मारी।
वहीं इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल देखने को मिल रहा है और बिट्टू के परिवार में उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बिट्टू केशव का आज खानपुर पीजीआई में पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद उसके शव का दाह संस्कार किया जाएगा।

