सोनीपत: प्रॉपर्टी डीलर के घर 52 लाख की चोरी, CCTV में कैद संदिग्ध महिला
सोनीपत की ब्रह्म कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर के घर 52 लाख की बड़ी चोरी। आभूषण और जरूरी दस्तावेज गायब। CCTV में संदिग्ध महिला दिखी, पुलिस जांच में जुटी।
सोनीपत : सोनीपत की ब्रह्म कॉलोनी से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कश्मीर घूमने गए एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से करीब 52 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप,टैब और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो गए। वारदात उस समय हुई जब परिवार के सदस्य कश्मीर में थे और घर पर मौजूद बेटा व दो रिश्तेदार किसी काम से बाहर गए हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध महिला घर में घुसती दिखाई दे रही है, जिसने अपने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और जरुरी दस्तावेज चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, मामला सोनीपत की ब्रह्म कॉलोनी का है। पीड़ित कमल गाबा, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं, वो अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। घर पर उनका बेटा शिवाय और दो साले योगेश व सौरभ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि 16 जून को तीनों किसी काम से बाहर गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का सेफ खुला हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, सैमसंग लैपटॉप, टैबलेट, नकदी तथा घर और दुकान की रजिस्ट्री गायब थी।चोरी हुए सामान में सोने की चेन, हीरे की अंगूठियां, कड़े, मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 52 लाख 23 हजार रुपये है।
सीसीटीवी में कैद संदिग्ध महिला
घटना के बाद जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। फुटेज में महिला घर के अंदर प्रवेश करती नजर आ रही है। पीड़ित का आरोप है कि महिला उनके बेटे और सालों के बाहर जाने से पहले ही घर में घुस गई थी और बाद में मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।हालांकि महिला ने अपने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
वहीं मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को ब्रह्म कॉलोनी स्थित एक घर में चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायत के अनुसार घर से सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।।

