छेड़छाड़ करने वाले बदमाशों से भिड़ी महिला, गोली लगने से महिला की मौत

नूंह।
नूंह में बदमाशों ने सिर में गोली मारकर महिला की हत्या कर दी। बदमाश महिला से छेड़छाड़ की कोशिश कर रहे थे, लेकिन महिला ने उनका मुकाबला करते हुए एक बदमाश को जोर की लात मार दी। जिससे गुस्से में आकर उन्होंने पिस्टल से फायरिंग कर दी। जिस वक्त वारदात हुई, महिला पति के साथ खेतों में सिंचाई कर रही थी।
आरोपी उनसे मोबाइल और कैश भी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। उसके बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
यह वारदात बिछौर थाने में आते गांव हाजीपुर गौहेता में सोमवार रात को हुई। मरने वाली महिला के पति इनायत ने बताया कि उन्हें रात में ही खेतों में सिंचाई के लिए बिजली मिलती है। बीती रात वह पत्नी सुन्नति के साथ खेत में सिंचाई करने गए थे। उन्हें करीब 1 बज गए।
इसी दौरान 2 नकाबपोश युवक उसके पास आए। उन्होंने आते ही कहा- जो कुछ है निकाल दो। मृतका के पति के पास 3 हजार रुपए और मोबाइल था, जिसे बदमाशों ने छीन लिया। इसके बाद उनके 2 और साथी बदमाश नकाब पहनकर वहां आ गए।
वे उसकी पत्नी सुन्नति के पास गए। उसे कहा कि उसने जो भी गहने पहने हैं, वह उन्हें निकाले और उन्हें दे देते। इस पर महिला सुन्नति ने कहा कि उसने कोई गहने नहीं पहने हैं। सारे गहने वह घर में उतारकर आई है। लूट के लिए कुछ न मिलने पर बदमाश सुन्नति से छेड़छाड़ करने लगे। यह देख सुन्नति को गुस्सा आ गया। उसने एक बदमाश को जोर से लात मार दी।
इससे बदमाश गुस्से में आ गए और पिस्टल निकालकर सीधे महिला के सिर में गोली मार दी। जिससे महिला ने वहीं दम तोड़ दिया। इसके बाद वह वहां से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इनायत ने बताया कि इस बारे में उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भिजवा दिया। मरने वाली महिला के 4 बच्चे हैं। जिनमें 3 लड़के और एक लड़की है।
इस मामले में थाना बिछौर के SHO जगबीर सिंह ने बताया जब उन्हें सूचना मिली तो टीम वहां पहुंची। पति के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। इसके अलावा वारदात के वक्त वहां एक्टिव मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।