महिला के हत्यारे और पुलिस में मुठभेड़:CIA प्रभारी-बदमाश को गोली लगी

नूंह।
नूंह में मंगलवार देर रात पुन्हाना CIA टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश पैर में गोली लगने की वजह से घायल हो गया। साथ ही CIA प्रभारी भी गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश की पहचान नूंह के तीरवाड़ा निवासी शाकिर के रूप में हुई है।
शाकिर ने 2 दिन पहले 27 जनवरी की रात को महिला की हत्या की थी। आरोपी महिला से छेड़छाड़ कर रहा था। महिला ने उसका विरोध किया तो बदमाश ने उसके सिर में गोली मार दी। पुलिस दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना का खुलासा करेगी।
पुलिस के मुताबिक CIA टीम को सूचना मिली थी कि महिला की हत्या करने वाला आरोपी पुन्हाना आ रहा है। रात करीब डेढ़ बजे टीम ने पुन्हाना–जुड़हेड़ा रोड पर नाकेबंदी कर आरोपी को रुकने का इशारा किया। आरोपी बाइक पर था। वह टीम पर अवैध हथियार से फायर करता हुए आगे निकल गया। गोली एक सब इंस्पेक्टर की कनपटी को छूकर निकल गई।
टीम ने आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। टीम ने उसे रुकने की चेतावनी भी दी। इसके बाद वह खेतों की तरफ भाग गया और टीम पर दोबारा फायर किया। गोली CIA प्रभारी संदीप मोर के हाथ में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आरोपी पर फायर किया। जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर गया। पुलिस को उसके कब्जे से देसी कट्टा और बाइक बरामद हुई है। इसके बाद घायल पुलिसकर्मी और बदमाश को अस्पताल ले जाया गया।