Yamunanagar News: यमुनानगर में मासूम के अपहरण का प्रयास; ग्रामीणों ने बदमाशों को खदेड़ा, एक काबू

यमुनानगर के भाटली में बाइक सवार बदमाशों ने 10 साल के बच्चे को अगवा किया। बाइक से गिरकर बचा मासूम, ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंपा। जांच जारी।

 
Haryana Crime News News 2026

यमुनानगर : यमुनानगर के गांव भाटली के रहने वाले 10 साल के मासूम बच्चे को गांव के ही एक गली से बाइक सवार दो लोगों ने किसी का पता पूछने के बहाने अपने पास बुलाया और जैसे ही बच्चा उनके पास पहुंचा तो बदमाशों ने जबरन बच्चे को उठाकर बाइक पर बैठा लिया। उसके बाद बच्चे के हाथ-पांव दोनों प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिए। बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूंस कर मुंह पर रूमाल बांध दिया। बच्चा छटपटा रहा था जिसके चलते बाइक अनबैलेंस हो गई और बच्चा बाइक से नीचे गिर गया जहां बच्चा गिरा उसे कुछ दूरी पर कुछ लोग सड़क पर मौजूद थे जिन्हें देखते ही बदमाश वहा से भाग खड़े हुए। 

ऐसे में बच्चा रेंगते हुए जब गली के बीच में पहुंचा तो ग्रामीणों ने देखा कि बच्चों के हाथ पांव बंधे हुए हैं और मुंह से खून निकल रहा है। ग्रामीणों ने बच्चे का इस समय वीडियो बना लिया और रस्सी को काटने का भी वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मौके पर पुलिस को भी सूचित कर दिया। ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में सूचना देते ही उन बदमाशों का पीछा किया और कुछ दूरी पर जाकर एक बदमाश को काबू कर लिया। पकड़े गए बदमाश की लोगों ने जमकर पिटाई भी कर दी और उसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला बच्चे के अपहरण का था जिसको लेकर पुलिस ने भी इस मामले में देरी नहीं की और ग्रामीणों से बदमाश को अपने कब्जे में ले लिया और उसको लेकर थाने में पहुंच गई। हालांकि बदमाश के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है, लेकिन इस बीच इस बदमाश का दूसरा साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। बदमाश का कहना है कि उसे इस बारे में कुछ भी नहीं मालूम जबकि पुलिस का भी यही कहना है कि अभी शुरुआती जांच में थोड़ी पूछताछ हुई है। अभी इस व्यक्ति से गहनता से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल अपहरणकर्ता यही है। इसकी पुलिस अभी पुष्टि नहीं कर रही। वहीं घटना के बाद पुलिस बच्चों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरु कर दी। ऐसे में पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है। आखिरकार जिन बदमाशों ने इस बच्चे का अपहरण किया उनकी क्या मंशा रही होगी।