Yamunanagar Crime News: यमुनानगर में अवैध वन्य जीव व्यापार का भंडाफोड़, आरोपी दुकान मालिक की तलाश जारी

वन्य जीव विभाग और पुलिस ने यमुनानगर की एक पेट शॉप पर रेड मारकर 2 भारतीय स्टार कछुए और 2 रोज रिंग्ड तोते बरामद किए। पढ़ें पूरी खबर।
 
वन्य जीव संरक्षण अधिनियम

यमुनानगर: वन्य जीव विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने यमुनानगर में वन्य जीव की अवैध खरीद-फरोख्त करने वालो पर कार्रवाई की. टीम ने छोटी लाइन स्थित जंगला वाली माताजी मंदिर के पास गणपति फिश एक्वेरियम एंड पेट वर्ल्ड पर रेड कर दो इंडियन स्टार टॉर्टॉइज (भारतीय स्टार कछुए) और दो रोज रिंग्ड पैराकीट (तोते) बरामद किए.

यमुनानगर में वन्य जीव दुकान से बरामद: वन्य जीव विभाग की टीम ने बरामद वन्य जीवों और पक्षियों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित संरक्षण में ले लिया. कार्रवाई के दौरान दुकान का मालिक वरुण कुमार पुत्र राज कुमार मौके पर मौजूद नहीं मिला. विभाग की ओर से उसकी तलाश की जा रही है.

वन्य जीव विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई: सहायक वन संरक्षक (वन्यजीव) राजेश माथुर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में वन्य जीव निरीक्षक राजवीर सिंह, वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम, फॉरेस्टर हरीश कुमार, वन्य जीव रक्षक संजीव कुमार और सुमित कुमार शामिल रहे. पुलिस टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया.

आरोपी की तलाश जारी: राजेश माथुर ने बताया कि "वन्य जीवों के अवैध कब्जे, खरीद-फरोख्त और व्यापार के खिलाफ विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. बरामद वन्य जीवों के संबंध में दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य लागू नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी." उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्य जीवों को अवैध रूप से खरीदने, बेचने या रखने से बचें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना वन्य जीव विभाग को दें.