International News Bolivia: सैन्य परिसर में तेज धमाके के बाद बड़ा हादसा, घरों के टूटे शीशे और जांच शुरू
बोलीविया में शुक्रवार (4 सितंबर) को एक सैन्य अड्डे पर भीषण विस्फोट हुआ. इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ सकती .
जानकारी के मुताबिक दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में एक सैन्य अड्डे पर विस्फोट हुआ. यह विस्फोट स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे वियाचा स्थित सैन्य परिसर में हुआ. यह जगह राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है. अधिकारियों के मुताबिक, धमाका उस इलाके में हुआ जहां आतिशबाजी और उससे जुड़ी सामग्री रखी गई थी.
घायलों में ज्यादातर आम नागरिक
बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने बताया कि घायलों में ज्यादातर आम नागरिक हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं. हादसे के बाद बचाव दल घायलों का इलाज करने के साथ उनके परिवारों की मदद में जुट गए. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विस्फोट की शुरुआत किस वजह से हुई. अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
घायलों में एक बच्ची भी शामिल
स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने बताया कि हादसे में करीब 62 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 14 घायलों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में ले जाया गया है. घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जो करीब 90% जल गई है. मौके पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिस को तैनात किया गया है.
धमाके से टूटे घरों के शीशे
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारण आसपास के इलाकों में दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचा है. विस्फोट की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकते है कि कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए. ऊंचाई तक धुएं का गुबार फैल गया. इस घटना से हड़कंप मच गया.
एक और विस्फोट होने की आशंका
धमाके के बाद राहत और बचाव दल तुरंत सैन्य परिसर में पहुंचे. एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की चेतावनी भी दी है. स्वास्थ्य निदेशक ने बताया कि दमकलकर्मियों ने परिसर में एक हीट सोर्स का पता लगाया है, जिससे एक और विस्फोट होने की आशंका बढ़ गई है. उन्होंने लोगों को उस क्षेत्र से कम से कम 150 मीटर की दूरी बनाए रखने की सलाह दी.
धमाके के कारणों की जांच शुरू
रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने कहा कि रेस्क्यू टीम घायलों के परिवारों की मदद कर रही है. सरकार और सेना ने धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी है. करीब एक लाख की आबादी वाला वियाचा शहर बोलीविया की एडमिनिस्ट्रेटिव कैपिटल ला पाज से 19 मील दक्षिण-पश्चिम में है.