ब्राजील: राष्ट्रपति लूला की ट्रंप को सख्त चेतावनी- हमारे चुनाव में न दें दखल

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने डोनाल्ड ट्रंप को आगामी चुनावों में दखल न देने की चेतावनी दी है। जानिए बोल्सोनारो विवाद के कारण दोनों देशों के बीच क्यों बढ़ा तनाव।

 
अमेरिका ब्राजील संबंध

अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो गया है और इस समझौते के साथ ही खाड़ी क्षेत्र में बना तनाव फिलहाल के लिए खत्म हो गया है. लेकिन अब अमेरिका के पड़ोसी मुल्क ब्राजील ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सख्त लहजे में आगाह किया है. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने ट्रंप को चेतावनी दी कि वे ब्राजील के अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किसी तरह की दखलंदाजी न करें.

लूला का यह बयान ट्रंप की उस प्रतिक्रिया के बाद आया है जब उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई को लेकर ब्राजील की आलोचना की थी. दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच नई तल्खी अमेरिका और ब्राजील के बीच बढ़ते तनावपूर्ण हालात को दिखाती हैं. ट्रंप प्रशासन ने इस दक्षिण अमेरिकी देश पर और टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया था और हाल ही में 2 ड्रग ट्रैफेकिंग गुट को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था, जबकि लूला ने इसका जमकर विरोध किया.

तख्तापलट की कोशिश करने के मामले में दोषी

राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल अपने सहयोगी और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के खिलाफ “विच-हंट ट्रायल” (राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई) पर नाराजगी जताते हुए ब्राजील पर टैरिफ लगा दिया था, तब से लूला की ओर से ब्राजील की संप्रभुता को लेकर कई बार बचाव किया गया.

लूला ने सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एलेक्जेंडर डी मोरेस पर अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बारे में भी शिकायत की है. ट्रंप प्रशासन का आरोप था कि मोरेस ने बोल्सोनारो के खिलाफ केस चलाने को लेकर राजनीतिक रूप से प्रेरित भूमिका निभाई थी. साल 2022 के चुनाव में लूला से हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की कोशिश करने के मामले में दोषी ठहराया गया था.

ब्राजील ‘राजनीतिक रूप से खतरनाक’: ट्रंप

ट्रंप ने कल बुधवार को कहा था कि ब्राजील “राजनीतिक रूप से खतरनाक” हो गया है और सरकार “बोल्सोनारो जूनियर” को गिरफ्तार करना चाहती है, जो “चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे”. इससे पहले ब्राज़ील के सुप्रीम कोर्ट ने 2 दिन पहले मंगलवार को बोल्सोनारो के बेटे और पूर्व सांसद एडुआर्डो बोल्सोनारो को उनके पिता के तख्तापलट के केस से जुड़े दबाव बनाने के मामले में दोषी ठहराया और उन्हें 4 साल दो 2 महीने की जेल की सजा सुनाई.

हालांकि, चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने की बात से यह संकेत मिलता है कि राष्ट्रपति ट्रंप शायद बोल्सोनारो के सबसे बड़े बेटे, सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो की बात कर रहे थे, या उनकी भी बात कर रहे थे, जो राष्ट्रपति चुनाव में लूला के खिलाफ मैदान में चुनौती पेश कर रहे हैं. फ्लेवियो को अभी गिरफ्तारी का सामना नहीं करना पड़ा है.

ट्रंप ब्राजील को अच्छी तरह नहीं जानतेः लूला

एडुआर्डो बोल्सोनारो को तब दोषी ठहराया गया जब सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि उन्होंने अपने पिता के तख्तापलट के केस में गैर-कानूनी तरीके से दखल दिया था. उन्होंने अमेरिकी सरकार से लॉबिंग करके ब्राजीलियाई अधिकारियों को केस रोकने की धमकी देने के लिए कहा था.

फ्रांस के एवियन-लेस-बेन्स में दुनिया के बड़े देशों के नेताओं के G7 शिखर सम्मेलन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने लूला को ट्रंप की बातें पढ़कर सुनाईं. लूला ने कहा कि इससे पता चलता है कि ट्रंप “ब्राजील को अच्छी तरह नहीं जानते”.

ब्राजील का चुनाव ब्राजील का अपना मामलाः लूला

राष्ट्रपति लूला ने कहा, “अगर वह बोल्सोनारो परिवार के साथ अपने संबंधों के जरिए ब्राजील को जानते हैं, तो वह ब्राजील को नहीं जानते.” वे बोल्सोनारो (पिता, पुत्र, पोते) को पसंद करते रह सकते हैं. यह मेरी समस्या नहीं, उनकी है. लेकिन ब्राजील के चुनावों में दखल न दें, क्योंकि ब्राजील का चुनाव ब्राजील का अपना मामला हैं.”

एडुआर्डो और फ्लेवियो बोल्सोनारो ने हाल ही में वाशिंगटन में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात की, जिनमें ट्रंप भी शामिल थे. इसके कुछ ही समय बाद, ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील के सबसे बड़े ड्रग ट्रैफेकिंग गुट (फर्स्ट कमांड कैपिटल और रेड कमांड) को विदेशी आतंकवादी संगठनों के रूप में वर्गीकृत किया. फिर अमेरिकी सरकार ने ब्राज़ील से होने वाले आयात पर 25% का नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भी दिया था, यह दावा करते हुए कि दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अनुचित व्यापारिक तौर-तरीके अपनाती है.