क्रिकेट कनाडा के प्रेसिडेंट अरविंदर खोसा के घर पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक
क्रिकेट कनाडा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंदर खोसा के सरे (कनाडा) स्थित घर पर अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग। पुलिस जांच में रंगदारी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन आया सामने।
कनाडा क्रिकेट के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंदर खोसा के सरे स्थित घर पर फायरिंग का मामले सामने आया है. जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 4:40 बजे कुछ अज्ञात हमलावरों ने ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में स्थित उनके घर को निशाना बनाया. घर के दरवाजे, खिड़कियों और बाहरी हिस्से पर गोलियों के कई निशान मिले हैं.
जब गोलियां चली उस समय खोसा के घर के अंदर उनका पूरा परिवार मौजूद था. हालांकि राहत की बात रही कि किसी को भी चोट नहीं आई. पुलिस की शुरुआती जांच में रंगदारी का मामला सामने आ रहा है. यह पहली बार नहीं है जब कनाडा में सरेआम फायरिंग हुई हो. इस से पहले भारतीय कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्टोरेंट कैप्स पर भी फायरिंग हुई थी जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी.
9 अप्रैल को चुने गए थे अध्यक्ष
अरविंदर खोसा हाल ही में क्रिकेट कनाडा के अध्यक्ष चुने गए थे. 9 अप्रैल को एक विशेष बैठक में चुनाव कराया गया था, जिसका आदेश ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट ने दिया था. खोसा अभी भी क्रिकेट बी.सी. के अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं.
भ्रष्टाचार का लगा था आरोप
पिछले महीने कनाडा के चर्चित कार्यक्रम फिफ्थ एस्टेट की एक जांच रिपोर्ट में क्रिकेट कनाडा पर भ्रष्टाचार, संगठित अपराध से जुड़े लोगों के प्रभाव और मैच फिक्सिंग जैसी गंभीर आशंकाओं का खुलासा किया गया था. हालांकि जिन लोगों पर आरोप लगे, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन आया सामने
वहीं इस फायरिंग में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है. फिफ्थ एस्टेट की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि खोसा का कनेक्शन कुछ ऐसे स्थानीय खिलाड़ियों से हैं जो कि खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य बताते हैं. साथ ही खोसा पर ने 2025 में कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के एक खिलाड़ी को धमकी देने का आरोप लगा था. हालांकि खोसा ने इन आरोपों से साफ इनकार किया था.

