Delhi News: अरविंद केजरीवाल समेत कई AAP नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज, पढ़े पूरी खबर 

 
Delhi News

Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। दिल्ली पुलिस द्वारा इसकी जानकारी शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट को दी है। शिकायतकर्ता ने द्वारका इलाके में सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार राउज एवेन्यू कोर्ट ने 11 मार्च, 2025 को दिल्ली पुलिस को FIR दर्ज करने और अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) नेहा मित्तल की अदालत के समक्ष अनुपालन रिपोर्ट पेश की और बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है।

दिल्ली पुलिस ने यह भी कहा कि जांच जारी है और यह एक पुराना मामला है और उन्हें मामले की जांच के लिए कुछ समय चाहिए। अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 अप्रैल, 2025 को होगी।

कोर्ट ने 11 मार्च को दिल्ली पुलिस को पूर्व CM अरविंद केजरीवाल, पूर्व विधायक गुलाब सिंह और एमसीडी पार्षद नितिका शर्मा के खिलाफ 2019 में द्वारका इलाके में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दर्ज शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था।