Russia Attacks Lakshmi Mittal Steel Plant: जेलेंस्की के होमटाउन में आर्सेलरमित्तल के प्लांट पर दागी मिसाइल, बड़ा नुकसान
रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों देशों के बीच पिछले करीब चार साल से जंग जारी है. रूस और यूक्रेन एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हवाई हमले कर रहे हैं. इस बीच रूस ने यूक्रेन के सबसे बड़े स्टील प्लांट को निशाना बनाया और उस पर मिसाइल हमला किया. खास बात यह है कि यह प्लांट भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल कंपनी आर्सेलरमित्तल का है.
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के यूक्रेन स्थित स्टील प्लांट पर रूस ने मिसाइल हमला किया. बताया जा रहा है कि इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई वहीं 14 कर्मचारी जख्मी हुए हैं. आर्सेलरमित्तल का यह प्लांट यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में है, जो यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील यूनिट भी है. यह शहर जेलेंस्की का होमटाउन भी है.Russia Attacks Lakshmi Mittal Steel Plant: जेलेंस्की के होमटाउन में आर्सेलरमित्तल के प्लांट पर दागी मिसाइल, बड़ा नुकसान
बिजली और उत्पादन ठप
रूस के हमले से प्लांट की बिजली व्यवस्था और स्टील बनाने वाली ब्लास्ट फर्नेस यूनिट को नुकसान पहुंचा. इसके बाद प्लांट में उत्पादन का कुछ हिस्सा रोकना पड़ा. हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि हमले में प्लांट को कितना नुकसान पहुंचा है. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए थे. माना जा रहा है कि रूसी हमला यूक्रेन के उसी ड्रोन हमले के जवाब में किया गया.
यूक्रेन का रूस पर बड़ा हमला
दरअसल इससे पहले रविवार को यूक्रेन ने रूस के कई हिस्सों में सैकड़ों ड्रोन से हमला किया. इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक रातभर में यूक्रेन 822 ड्रोन को रोका गया. मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने हमले को हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक करीब 600 ड्रोन राजधानी की ओर बढ़ रहे थे, जिनमें से कई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही मार गिराया गया.
83 साल के एक बुजुर्ग की मौत
वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन के निजी घर पर गिरने से 83 साल के एक बुजुर्ग शख्स की मौत हो गई. इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेन के एक और हमले के कारण वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग लग गई. वाइल्डबेरीज रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी है. यह कंपनी देश की सबसे अमीर महिला और अरबपति तात्याना किम द्वारा नियंत्रित है. वही इसकी मालिक हैं.
तीन शहरों पर भी ड्रोन हमला
रूस के दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों पर भी ड्रोन हमला हुआ. स्थानीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक, इस हमले में 5 लोगों की मौत हुई. इस हमले में 150 से ज्यादा ड्रोन शामिल थे. कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा वहीं इन हमलों से जंगल में भी आग लग गई. जिससे चारों तरफ हालात बेहद खौफनाक हो गए.

