US Kills ISIS Leader: अमेरिका का बड़ा एक्शन; नाइजीरिया में ढेर हुआ ISIS का दूसरा सबसे बड़ा नेता अबू-बिलाल
US Kills Abu Bilal Al Minuki: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा- नाइजीरियाई सेना के साथ मिलकर सीक्रेट ऑपरेशन में मारा गया ISIS का टॉप कमांडर अबू-बिलाल।
अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ISIS के दूसरे सबसे बड़े नेता अबू-बिलाल अल-मिनुकी को नाइजीरिया में मार गिराया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऑपरेशन की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर की. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि उनके आदेश पर अमेरिकी सैनिकों और नाइजीरिया की सेना ने बहुत मुश्किल और सीक्रेट मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया.
ट्रंप के मुताबिक, अबू-बिलाल अल-मिनुकी अफ्रीका में छिपा हुआ था और उसे लगता था कि वह सुरक्षित है, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों के पास उसकी हर गतिविधि की जानकारी थी. ट्रंप ने कहा कि अल-मिनुकी दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकियों में से एक था. उन्होंने दावा किया कि अब उसकी मौत के बाद वह अफ्रीका के लोगों में डर नहीं फैला पाएगा और न ही अमेरिकियों को निशाना बनाने की साजिश कर सकेगा. ट्रंप ने कहा कि इस ऑपरेशन से ISIS के वैश्विक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. उन्होंने मिशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार का धन्यवाद भी किया.
कौन था अबू-बिलाल?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी को ISIS का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा नेता माना जाता था. उसका दूसरा नाम अबू बक्र इब्न मोहम्मद इब्न अली अल-मैनुकी भी बताया जाता है. वह लंबे समय से अफ्रीका के साहेल इलाके में सक्रिय था.
साहेल अफ्रीका का बहुत बड़ा इलाका है, जो अटलांटिक महासागर से लेकर लाल सागर तक फैला हुआ है. यह इलाका सहारा रेगिस्तान और दक्षिणी अफ्रीका के हरियाले हिस्सों के बीच पड़ता है. इसमें सेनेगल, मॉरिटानिया, माली, बुर्किना फासो, नाइजर, नाइजीरिया, चाड और सूडान जैसे देश शामिल हैं.
ISIS के पश्चिम अफ्रीकी संगठन का कमांडर था
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल-मिनुकी ISIS के पश्चिम अफ्रीका वाले संगठन ISWAP यानी इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस का बड़ा कमांडर था. वह लेक चाड इलाके में ISIS के कई ऑपरेशन संभालता था. माना जाता है कि वह अलग-अलग आतंकी समूहों तक पैसे, हथियार और जरूरी निर्देश पहुंचाने का काम करता था.
3 साल पहले ग्लोबल आतंकी लिस्ट में आया
अमेरिका लंबे समय से उसे बड़ा आतंकी खतरा मानता था. जून 2023 में अमेरिकी विदेश विभाग ने उसे स्पेशली डिजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था. इसका मतलब है कि अमेरिका उसे दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकियों में शामिल मानता था.
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अल-मिनुकी की मौत ISIS के लिए बड़ा झटका है. पिछले कुछ सालों में अफ्रीका में ISIS और उससे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी थीं. नाइजीरिया और आसपास के इलाकों में ये संगठन लगातार हमले कर रहे थे.

