Anil Ji Chakraborty Adobe CEO: आईआईटी बीएचयू और एमआईटी से पढ़े अनिल चक्रवर्ती संभालेंगे दुनिया की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी
भारतीय मूल के अनिल चक्रवर्ती अब दुनिया की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी Adobe की कमान संभालेंगे. कंपनी ने उन्हें नया अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. वह 1 दिसंबर से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे और शांतनु नारायण की जगह लेंगे. नारायण ने 18 साल से ज्यादा समय तक Adobe का नेतृत्व किया है और अब वह कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. आइये जानते हैं उनके बारे में.
बेंगलुरु से अपने करियर की शुरुआत करने वाले चक्रवर्ती ने IIT BHU और MIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने तकनीक और बिजनेस की दुनिया में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं.
बेंगलुरु से शुरू हुआ पढ़ाई का सफर
अनिल चक्रवर्ती का संबंध बेंगलुरु से है. उनकी शुरुआती पढ़ाई सुदर्शन विद्या मंदिर से हुई. इसके बाद उन्होंने जयनगर के विजया हाई स्कूल में पढ़ाई की. प्री-यूनिवर्सिटी की पढ़ाई उन्होंने बसवनगुड़ी के नेशनल कॉलेज से पूरी की. इसके बाद उन्होंने IIT BHU, वाराणसी से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में BTech किया. आगे की पढ़ाई के लिए वह अमेरिका गए, जहां उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से मास्टर डिग्री और PhD पूरी की.
कई बड़ी कंपनियों में संभाली जिम्मेदारी
चक्रवर्ती ने अपने करियर में मैनेजमेंट कंसल्टिंग, साइबर सिक्योरिटी, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और क्लाउड डेटा मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम किया है. जनवरी 2020 में उन्होंने Adobe ज्वाइन किया था. उन्हें कंपनी के डिजिटल एक्सपीरियंस कारोबार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. सितंबर 2020 में उन्हें वैश्विक बिक्री संचालन की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिली.
Informatica के CEO रह चुके
Adobe में आने से पहले चक्रवर्ती Informatica के CEO रह चुके हैं. उन्होंने 2015 से 2020 तक कंपनी का नेतृत्व किया. इससे पहले वह Symantec, VeriSign और McKinsey & Company जैसी बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं. अब Adobe के CEO के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी वैश्विक स्तर पर कंपनी की आगे की रणनीति तय करने में अहम होगी.