भिवानी कॉलेज एडमिशन 2026: यूजी दाखिले के लिए आवेदन का आज आखिरी दिन
हरियाणा के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए 31 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन। जानें पहली मेरिट लिस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करने का पूरा शेड्यूल।
भिवानी। महाविद्यालयों में स्नातक संकायों के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अंतिम दिन 31 मई है। किसी कारणवश अब तक आवेदन न कर पाने वाले विद्यार्थी 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। केवल ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थी ही दाखिला प्रक्रिया में शामिल होंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को 1 जून तक अपने आवेदन फार्म में ओटीपी आधारित सुधार करवाने का अवसर दिया गया है।
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय की एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. अनीता शर्मा ने बताया कि यूजी कोर्सों में दाखिलों के लिए महाविद्यालयों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया जारी है। स्नातक संकायों में चल रही दाखिला प्रक्रिया के तहत 2 जून को सभी आवेदकों की सूची जारी की जाएगी। वहीं छह जून तक कॉलेजों द्वारा ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा आवेदक अपने लॉगिन के माध्यम से आपत्ति या विसंगति दूर कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आठ जून को योग्य आवेदकों की सूची जारी होगी। इसके बाद 10 जून को पहली प्रोविजनल सूची तथा 11 जून को पहली फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहली मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी 12 से 15 जून तक फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद 16 जून को दूसरी प्रोविजनल सूची जारी की जाएगी और 17 जून को दूसरी मेरिट सूची प्रदर्शित की जाएगी। दूसरी मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी 18 से 22 जून तक फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकेंगे।
प्रो. अनीता शर्मा ने बताया कि उनके महाविद्यालय में शुक्रवार तक बीए की 640 सीटों के लिए 1045, बीकॉम की 180 सीटों के लिए 192, बीसीए की 120 सीटों के लिए 110, बैचलर ऑफ साइंस इन फिजिकल साइंस की 210 सीटों के लिए 161 तथा बैचलर ऑफ आर्ट विद मेजर इन जियोग्राफी की 40 सीटों के लिए 20 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
24 जून को होगी फिजिकल काउंसिलिंग
महाविद्यालयों में दो काउंसिलिंग के बाद भी यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो 24 जून को फिजिकल काउंसिलिंग की जाएगी। वहीं, 25 जून को ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। रिक्त सीटों पर 26 जून से 2 जुलाई तक फिजिकल काउंसिलिंग होगी। इसके बाद 3 से 10 जुलाई तक भी फिजिकल काउंसिलिंग जारी रहेगी लेकिन इस दौरान दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को लेट फीस जमा करनी होगी।
महाविद्यालयों में इस प्रकार से रहेगी दाखिला प्रक्रिया
प्रक्रिया तारीख
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन : 31 मई
आवेदन में सुधार (ओटीपी आधारित) 01 जून
आवेदकों की सूची (आपत्तियों सहित) 02 जून
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (कॉलेज द्वारा) 06 जून
योग्य अभ्यर्थियों की सूची 08 जून
पहली मेरिट लिस्ट प्रोविजनल 10 जून
पहली मेरिट लिस्ट फाइनल 11 जून
फीस शुल्क जमा करना 15 जून
दूसरी मेरिट लिस्ट प्रोविजनल 16 जून
दूसरी मेरिट लिस्ट फाइनल 17 जून
फीस शुल्क जमा करना 18 जून से 22 जून
फिजिकल काउंसिलिंग 24 जून
नए पंजीकरण या फॉर्म एडिट 25 जून
फिजिकल काउंसिलिंग 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क के साथ 26 जून से 2 जुलाई
फिजिकल काउंसिलिंग प्रतिदिन 100 रुपये शुल्क के साथ 3 जुलाई से 10 जुलाई

