भिवानी: कॉलेज में पीजी कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन करने का कल अंतिम दिन

भिवानी के राजकीय महाविद्यालयों में पीजी कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई है। 30 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची जारी होगी।

 
document required for PG admission Haryana

भिवानी। राजकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्स में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अंतिम दिन कल है। पीजी कोर्स में 26 जुलाई तक आवेदन किए जा सकेंगे। ऐसे में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों से जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग के जारी शेड्यूल के अनुसार जिले के महाविद्यालयों में पीजी कोर्स में दाखिलों के लिए अभ्यर्थी 26 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। आवेदन पत्र में 27 जुलाई तक संशोधन किए जा सकेंगे जबकि 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया के तहत 29 जुलाई को प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी जबकि 30 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई से 2 अगस्त तक ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद 3 अगस्त से 10 अगस्त तक फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।

इस अवधि में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों से 100 रुपये विलंब शुल्क लिया जाएगा। वहीं 12 अगस्त से 18 अगस्त तक प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को प्रति दिन 100 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।

ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को सत्यापित परिवार पहचान-पत्र, आधार कार्ड, 10वीं, 12वीं एवं स्नातक की मार्कशीट, फोटो तथा चरित्र प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाणपत्र और हरियाणा निवासी प्रमाणपत्र भी अनिवार्य है। इसके अलावा हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी अनिवार्य होगा।

महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना दाखिले की अनुमति नहीं दी जाएगी। दाखिलों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 जुलाई है। ऐसे में विद्यार्थी जल्द से जल्द दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करें।