CBLU PG Exam 2026: सीबीएलयू पीजी दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU) की पीजी चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 9 मई और दूसरे सेमेस्टर की 11 मई से शुरू। भिवानी-दादरी के 65 केंद्रों पर होगी परीक्षा।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) के स्नातकोत्तर कोर्सों के चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं शनिवार से शुरू होंगी। वहीं दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 मई से आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं भिवानी और चरखी दादरी के करीब 65 महाविद्यालयों में आयोजित होंगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 9 मई से शुरू होकर 23 मई तक चलेंगी जबकि दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 मई से आरंभ होकर 26 मई तक आयोजित की जाएंगी। अधिकांश परीक्षाएं दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होंगी जबकि कुछ विषयों की परीक्षाएं सुबह के सत्र में भी आयोजित करवाई जाएंगी।
सीबीएलयू द्वारा हाल ही में पीजी कोर्सों के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया गया है। दूसरे सेमेस्टर में एमए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिक विज्ञान, फैशन डिजाइनिंग, सोशल वर्क, एमएससी जूलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, बोटनी, माइक्रोबायोलॉजी, साइकोलॉजी, एम फार्मेसी, फिजिक्स, केमेस्ट्री, गणित, ज्योग्राफी और कंप्यूटर साइंस सहित विभिन्न विषयों की परीक्षाएं होंगी।
वहीं चौथे सेमेस्टर में एमए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिक विज्ञान, समाजशास्त्र, फैशन डिजाइनिंग, अर्थशास्त्र, एमबीए, एमकॉम, एमपीईएस, एमजेएमसी, एमएसडब्ल्यू, एमएससी योगा, एमएससी जूलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, बोटनी, साइकोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फिजिक्स, केमेस्ट्री, गणित और ज्योग्राफी विषयों की परीक्षा तिथियां जारी की गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी केंद्र अधीक्षकों और स्टाफ सदस्यों को नकल रहित परीक्षाएं करवाने के निर्देश दिए हैं। परीक्षाओं से संबंधित अधिक जानकारी विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
सीबीएलयू द्वारा पीजी कोर्सों के चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं शनिवार से आयोजित करवाई जाएंगी। विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है। वहीं विश्वविद्यालय में नकल रहित परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर सभी केंद्र अधीक्षकों को आदेश दिए गए है।

