Haryana University Admission: डिग्री के साथ करें डिप्लोमा कोर्स, सीबीएलयू भिवानी में 27 अक्टूबर को सीधा प्रवेश का मौका
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी (CBLU) में पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सों की रिक्त सीटों पर 27 अक्टूबर को विशेष एडमिशन ड्राइव आयोजित की जाएगी।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (CBLU), भिवानी में विभिन्न पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट प्रोग्राम की रिक्त सीटों पर 27 अक्टूबर को विशेष ड्राइव के तहत ऑन-स्पॉट दाखिले किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की भारी मांग और विभिन्न बोर्ड्स व विश्वविद्यालयों के परीक्षा परिणाम देरी से जारी होने के मद्देनजर यह फैसला लिया है, ताकि पात्र विद्यार्थी समय पर पहुंचकर प्रवेश ले सकें। एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के निर्देशानुसार यह विशेष एडमिशन ड्राइव आयोजित की जा रही है। ये सभी कोर्स विशेष रूप से शनिवार और रविवार (वीकेंड) को संचालित किए जाते हैं।
💼 रोजगारपरक कोर्सों के साथ बढ़ाएं कार्यकुशलता: डिग्री के साथ डिप्लोमा करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बना सीबीएलयू
सीबीएलयू में खेल प्रबंधन, ड्रोन प्रौद्योगिकी, जर्मन व फ्रेंच भाषा, संगीत एवं नृत्य, पत्रकारिता एवं जनसंचार, साइबर सुरक्षा व डिजिटल फॉरेंसिक, सामाजिक कार्य और पौरोहित्य कर्मकांड जैसे बाजार व उद्योगों की मांग पर आधारित कोर्सों में सीटें उपलब्ध हैं। प्रो. कौशिक के अनुसार सीबीएलयू प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है जहां विद्यार्थी रेगुलर डिग्री के साथ-साथ डिप्लोमा कोर्स भी कर सकते हैं। इससे छात्रों के समय की बचत होगी और उनकी शैक्षणिक योग्यता व कौशल में वृद्धि होगी। इन वीकेंड कोर्सों का लाभ सरकारी व निजी क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी और अन्य पेशेवर भी अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए उठा सकते हैं।