CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन: OSM सिस्टम से शुरू हुई कॉपियों की जांच
CBSE ने नए OSM प्लेटफॉर्म पर 12वीं की कॉपियों की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया शुरू की। जानें कब तक आएगा रिवाइज्ड रिजल्ट और क्या है नई प्रक्रिया की खासियत।
सीबीएसई 12वीं की कॉपियों के लिए री-इवैल्यूएशन और वैरिफिकेशन के लिए आवेदन पोर्टल 7 जून को बंद हुआ था और अब बोर्ड ने कॉपियों की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया नए OSM (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) प्लेटफॉर्म पर शुरू भी कर दी है. बोर्ड के मुताबिक, ये नया सिस्टम पहले से ज्यादा सुरक्षित, तेज और पारदर्शी है. दरअसल, सूत्रों का कहना है कि नया पोर्टल पहले की तुलना में बेहतर काम कर रहा है. यह प्लेटफॉर्म IIT मद्रास और IIT कानपुर के विशेषज्ञों की मदद से तैयार किया गया है. सिस्टम की सुरक्षा जांच के लिए विशेष साइबर टेस्ट किए गए थे, जिनमें कोई बड़ी खामी नहीं मिली.
सीबीएसई के मुताबिक, 2 जून से 7 जून के बीच 1.60 लाख से अधिक छात्रों ने वैरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया है. छात्रों ने 3.8 लाख से अधिक आंसर की दोबारा जांच की मांग की है. दरअसल, मई में 4 लाख से अधिक छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की कॉपी मांगी थी.
पहले दिए गए मार्क्स नहीं देख सकते परीक्षक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, री-इवैल्यूएशन में परीक्षकों को सिर्फ वही उत्तर दिख रहे हैं, जिनपर छात्र ने आपत्ति दर्ज की है. जांच करने वाले शिक्षक पहले दिए गए अंक नहीं देख सकते, जिससे निष्पक्ष मूल्यांकन हो रहा है. कई मामलों में एक ही उत्तर की जांच एक से अधिक विशेषज्ञ कर रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में CBSE अपना पूरी तरह स्वतंत्र प्लेटफॉर्म भी बना सकता है.
कुछ छात्रों को नहीं मिलीं स्कैन कॉपियां
हालांकि कुछ छात्रों ने शिकायत की है कि उन्हें अभी तक स्कैन की गई कॉपियां नहीं मिली हैं, जबकि कई छात्रों का कहना है कि कॉपी देर से मिलने के कारण वो समय पर अपनी आपत्ति दर्ज नहीं कर सके. सोशल मीडिया पर भी कॉपी मिलने में देरी की शिकायतें सामने आई हैं, लेकिन सीबीएसई ने अभी इन शिकायतों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
कब जारी होगा रिवाइज्ड रिजल्ट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीएसई पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) रिजल्ट आमतौर पर आवेदन प्रक्रिया बंद होने के कई हफ्ते बाद घोषित किए जाते हैं. चूंकि आवेदन प्रक्रिया 7 जून को खत्म हो गई थी, इसलिए रिवाइज्ड रिजल्ट जुलाई 2026 में जारी होने की उम्मीद है. हालांकि सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के पुनर्मूल्यांकन के परिणाम जारी करने की आधिकारिक डेट की घोषणा अभी नहीं की है.

